द फॉलोअप नेशनल डेस्क
पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने गोलबंदी की है। मोर्चा ने कहा है कि वोटरों को इस बार अत्यधिक सावधान रहने की जरूरत है। कहा, पीएम मोदी और बीजेपी, दोनों के दोहरेपन को याद रखने की जरूरत है। मोर्चा ने किसानों और मजदूरों सहित सभी तबकों के लोगों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री द्वारा आरक्षण के मामले में झूठी कहानी गढ़ने और संविधान में निहित आदर्श आचार संहिता और धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र के सिद्धांतों का उल्लंघन करके सांप्रदायिक आधार पर ध्रुवीकरण करने के भयावह प्रयासों पर सवाल उठाएं। मोर्चा ने कहा, कॉर्पोरेट समर्थक नीतियों को लागू करके दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लोगों के लिए परेशानी खड़ा कर दी गयी। कहा ये हमारी कुल आबादी का बड़ा हिस्सा है। रोजगार में आरक्षण को खत्म करने की और इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दोहरेपन की संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने कड़ी निंदा की है।

आरक्षण का दिखावा का आरोप
मोर्चा ने कहा, मोदी एससी/एसटी/ओबीसी के लिए आरक्षण का रक्षक होने का दिखावा कर रहे हैं। लेकिन वास्तव में पिछले दस वर्षों के शासन के दौरान उन्होंने इसके खिलाफ कार्य करके इन तबकों को धोखा दिया है। मोदी सरकार ने निजी क्षेत्र में आरक्षण के लिए कानून तक नहीं बनाया। भर्ती न करने की क्रूर नीति के परिणामस्वरूप केंद्र सरकार के अधीन विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में 30 लाख पद खाली पड़े हैं। रेलवे, वायुमार्ग, शिपयार्ड, इस्पात, बैंक, बीमा, बिजली, रक्षा आदि क्षेत्रों सहित सार्वजनिक क्षेत्र के व्यापक निजीकरण ने पिछड़े वर्ग के लोगों को रोजगार के लाखों अवसर प्राप्त करने के अधिकार को समाप्त कर दिया है। नियमित रोजगार के संविदाकरण/ठेकाकरण के परिणामस्वरूप नौकरी के अवसरों के साथ-साथ न्यूनतम वेतन, नौकरी की सुरक्षा, पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा और आठ घंटे काम के अधिकार का भी उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है।

लोगों से की ये अपील
संयुक्त किसान मोर्चा ने किसानों और मजदूरों सहित सभी तबकों के लोगों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री द्वारा आरक्षण के मामले में झूठी कहानी गढ़ने और भारत के संविधान में निहित आदर्श आचार संहिता और धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र के सिद्धांतों का उल्लंघन करके सांप्रदायिक आधार पर ध्रुवीकरण करने के भयावह प्रयासों पर सवाल उठाएं। बीजेपी को बेनकाब करने, विरोध करने और दंडित करने के अभियान के तहत संयुक्त किसान मोर्चा ने सभी तबकों के लोगों को प्रधानमंत्री और भाजपा के इस दोहरेपन की याद दिलाई है।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -